गुरुवार, 30 मार्च 2023

हैराँ परेशाँ...

हम हैराँ से हैं बैठे 
वो परेशाँ क्यूँ हैं
पास तो हैं मेरे 
फासला फ़िर ये 
दरम्यान क्यूँ  है

ज़िन्दगी दो चार दिन ही क्या गुज़री 
जैसे गुज़र ही गई इक उमर, अब 
फिर जीने का ये हौसला क्यूँ है 
लब थे जो गाते फिरते, बन्द 
अब ये ज़ुबाँ क्यूँ है 

दिया और सूर्य...

बुझते हुए दिए
सूर्योदय की प्रतीक्षा
प्रतिपल करते हैं।

जल्द हो उदय सूर्य का
और उन्हें जलने से
मुक्ति मिले।

सूर्य का उदय
अवश्य होगा,
अपने प्रकाश से
जगत को आलोकित
अवश्य करेगा।

यह विश्वास ही
उन दियों में समाहित हो जाता है,
जब ढलती शाम में
तेल और बाती डालकर
उनमें अग्नि प्रज्वलित की जाती है।

उन्हें पता है—
यह तम पूर्णतः हटेगा,
सवेरा अवश्य होगा।

तब तक उन्हें ही
जलना होगा,
अंधकार में
उम्मीद की लौ
जगाए रखनी होगी।

इसी विश्वास पर ही
तो जीवन चलायमान है।

हमें भी उस दीप से
प्रेरणा लेनी है,
उसकी भाँति ही
निरंतर जलते रहना है।

जब-जब हमारे जीवन में
अंधकार हो हावी,
तब-तब आशा और विश्वास का
तेल और बाती 
डालकर जीवन की लौ
प्रज्वलित रखनी है।

अंधकार जितना गहरा होगा,
उतना ही उज्ज्वल सवेरा होगा।

यही प्रकृति का नियम है।

तो आओ,
हम भी दीपक की भाँति जलकर
अपने अँधेरे समय को
रोशन रखें,
और भोर के उस सूर्य की
प्रतीक्षा करें।

ॐ सूर्याय नमः 

गुरुवार, 12 जनवरी 2023

दूर...

कभी कभी हम कहीं दूर,
बहुत दूर निकल जाते हैं
और वो दूर कितनी दूर हुआ
ये अन्दाज़ा भी ना लगा पाते हैं
भूल जाते हैं कि वापिस लौट के आना भी है
वापसी का रास्ता भी कभी भूल जाते हैं
क्यों ना ऐसा करें, 
जब भी कहीं दूर चलें
रास्तों पे अपने निशाँ छोड़ते चलें
कुछ अच्छे, कुछ कम अच्छे
थोड़े झूठे, मगर दिल के सच्चे
गुफ्तगूँ में काटे वो कुछ ठहराव के पल
गैरों से भी बांटे वो कुछ अहसास के पल
किसी नीड़ की छाँव तले थकान मिटाई
किसी चश्मे को तोड़ के प्यास बुझाई 
कभी किसी चाय की प्याली पे कहकहा लगाया
कहीं किसी खाने की थाली पे जी ललचाया 
रास्ते में जितने भी पड़ाव पड़ें
उन सबपे अपनी यादों के चिह्न लगाते चलें
जब वापसी होगी करनी
ये मील के पत्थर ही तो राह दिखाएँगे
भटकती राहों से हमें
अपने घर वापिस पहुंचायेंगे
मेरी राह, मेरी मंज़िलों की तलाश में ना गुम जाये 
लौट के आना भी है, ये अहसास ही ना कहीं धुल जाये
चलना तो था, तो बस यूँ ही चलता ही गया
मगर जाना था कहाँ, वो पता ही भूल गया
घूमूँगा, चलूंगा, भटकूँगा भी कभी
मगर आखिर लौट के तो आना है यहीं
पर ये दूर है कितनी दूर
ये अन्दाज़ा है नहीं...

सोमवार, 12 दिसंबर 2022

अकेली सियासत...

अकेलेपन की इस दुनिया में भी सियासत होती है,
मेरे चेहरे की अक्सर ही आईने से बगावत होती है।
वो जो दिखाता है मुझे, कभी वो समझ नहीं आता,
सोच मेरी कुछ और, पर हक़ीक़त अलग होती है।

सोमवार, 25 जुलाई 2022

जी लिया जाए...

चलो फ़िर ज़रा सा जी लिया जाए
लम्हों को निचोड़ के पी लिया जाए
ये लब अब खुले कि तब खुले
इन लबों को अब सी लिया जाए

चन्द थे अशआर हमारे 
चन्द थी उनकी बातें
उन चन्द लम्हों की यादों में
जाने काटी कितनी रातें

रविवार, 12 जून 2022

सुकून...

चलो
फ़िर से चलते हैं
इस जहां से उस जहां को
जहाँ ना गम हो
ना सितम की इन्तेहा हो
प्यार हो इतना 
कि समेटना मुश्किल हो
सुकून के कुछ पल
आराम से मुमकिन हो

विपरीत...

महका सा था वो आँगन 
चमका सा था वो कंगन
गुलज़ार थी वो दुनिया
जैसे नवेली दुल्हन

विश्वास चिर पटल पर
रख करके हम थे सोए 
फिर आँख जब खुली तो
बदला था सारा मंज़र 

विपरीत हुई राहें
विपरीत हुई बाँहें
विपरीत सब दिशायें
विपरीत हर निगाहें
विपरीत हुई चाहें
विपरीत सब अदायें

अनुकूल ना हो सकी पर 
प्रतिकूल सब दुआयें