कभी कभी हम कहीं दूर,
बहुत दूर निकल जाते हैं
और वो दूर कितनी दूर हुआ
ये अन्दाज़ा भी ना लगा पाते हैं
भूल जाते हैं कि वापिस लौट के आना भी है
वापसी का रास्ता भी कभी भूल जाते हैं
क्यों ना ऐसा करें,
जब भी कहीं दूर चलें
रास्तों पे अपने निशाँ छोड़ते चलें
कुछ अच्छे, कुछ कम अच्छे
थोड़े झूठे, मगर दिल के सच्चे
गुफ्तगूँ में काटे वो कुछ ठहराव के पल
गैरों से भी बांटे वो कुछ अहसास के पल
किसी नीड़ की छाँव तले थकान मिटाई
किसी चश्मे को तोड़ के प्यास बुझाई
कभी किसी चाय की प्याली पे कहकहा लगाया
कहीं किसी खाने की थाली पे जी ललचाया
रास्ते में जितने भी पड़ाव पड़ें
उन सबपे अपनी यादों के चिह्न लगाते चलें
जब वापसी होगी करनी
ये मील के पत्थर ही तो राह दिखाएँगे
भटकती राहों से हमें
अपने घर वापिस पहुंचायेंगे
मेरी राह, मेरी मंज़िलों की तलाश में ना गुम जाये
लौट के आना भी है, ये अहसास ही ना कहीं धुल जाये
चलना तो था, तो बस यूँ ही चलता ही गया
मगर जाना था कहाँ, वो पता ही भूल गया
घूमूँगा, चलूंगा, भटकूँगा भी कभी
मगर आखिर लौट के तो आना है यहीं
पर ये दूर है कितनी दूर
ये अन्दाज़ा है नहीं...