मृत्यु क्या?
जीवन का एक अटल शास्वत सत्य
सत्य या फ़िर, सत्य का दैत्य?
सबको पता है इस प्रकृति का,
इस जीवन का,
यही एक अंतिम सत्य है
मृत्यु है तभी तो
जीवन है
और जीवन की फ़िर
मृत्यु भी है
यही तो सत्य है
और जब पता है कि
ये एक निश्चित
कभी ना रोकी जा सकने वाली
एक घटना है
तो फ़िर भला इससे क्या घबराना ?
हे मृत्यु !
हे सत्य के दैत्य
मुझे पता है कि तू सिर्फ
एक दैत्य ही नहीं है
उसके पीछे एक देव भी है
इसी के डर से निजात पाने को
कितने ही पापी
कभी पाप कम कर देते हैं
कितने अपने
जीवन का
रुख बदल देते हैं
ये दैत्य ही उन्हें
देवों की तरफ
आकर्षित भी कराता है
अब है तो ये आख़िर मृत्यु ही
तो आएगी तो भला एक दिन जरूर ही
बस अधिकांशतः लोगों को ना इसका
समय ज्ञात होता ना तरीका
अपवादस्वरूप मृत्युदंड प्राप्त या
कुछ आत्महंताओं को छोड़कर
मृत्यु भला कब आएगी
आएगी तो फ़िर कैसे आएगी
कान में फुसफुसा के आएगी
या ढोल नगाड़े बजाते आएगी
या ख़ामोशी से आके
ख़ामोशी से चली जायेगी
ये भी नहीं पता कि अकेले आएगी
या कइयों को साथ लेके जायेगी
क्या उन अंतिम लम्हों के अहसास
वो हमें करा पाएगी
या अचानक ही
अपना काम पूरा कर जायेगी
कितनी तकलीफों के साथ आएगी
या किन खुशियों के बीच ही ले जायेगी
कितने दर्दों के बाद आएगी
या कितने दुःख मिटा के जायेगी
क्या वो तन्हा स्याह अंधेरे होंगे
या रोशनी से झिलमिल सवेरे होंगे
कितनी मृत्यु का ना कोई शोर शराबा होगा
किसी किसी मृत्यु का जाने कैसा तमाशा होगा
कोई मृत्यु जाने कितनी आंखों में, नमी छलका जायेगी
कोई मृत्यु किसी समाज को झकझोर चली जायेगी
किन्हीं दुष्टों की मृत्यु पे आँखों में खुशी की झलक होगी
तो कोई मृत्यु अपने आप पर बैठी कहीं हँस रही होगी
तो आख़िर मृत्यु क्या, सिर्फ़ एक कविता है?
या है फ़िर ये एक, पूरा का पूरा साहित्य?
तो यारों इससे कैसा घबराना
ये तो बिना प्रयत्न के मिल जानी है
ये तो हमारे पैदा होते ही हुआ, एक बाल विवाह है
जिसका गौना होना अभी बाकी है
बस जिस दिन सब ग्रह, नक्षत्र और चाल चाहेंगे
उस दिन हम भी, अपनी दुल्हनिया ब्याह ले जायेंगे
लेकिन वो दिन देखने से पहले
और भी कितनी प्रेयसियों के प्रेम पाने हैं
आख़िर ये पूरी जिंदगी ही तो सबसे खूबसूरत प्रेयसी है
और बाकी हमारी कितनी कामनाएँ और इच्छायें
उसकी हसीन सहेली हैं
हर प्रेयसी एक से एक दिलकश
हम हर प्रेयसी पे अपनी जाँ छिड़कें
कुछ होती हैं छोटी छोटी ख्वाहिशों की
कुछ बड़े अरमानों की
कुछ अजब ग़ज़ब विचारों की
कुछ सोच से सयानों की
तो हमें मृत्यु के सत्य के दैत्य से ना डरकर
जीवन जीने की इन तमाम प्रेयसियों को गले लगाना है
जिनके अलग अलग नाम इस जीवन में हैं
यथा भूख, प्यास, कपड़ा, घर, गाड़ी
पैसे, गहने, बंगला और कीमती साड़ी
पढ़कर ना चौंकें, ना कोई सोच चलायें
ये प्रेयसी मर्दों की भी है और औरत की भी
कुछ की प्रेयसियाँ संगीत, कला, खेलकूद, विज्ञान भी हैं
किसी मन में रंगमंच, नृत्य, अभिनय, वादन, गान भी है
किसी का मन रमें परोपकार, समाज उत्कर्ष के कामों में
कोई चूस जाना चाहे गरीबों को भी पिस्सू की भाँति सरेराहों में
कोई अपराध, व्यभिचार, आतंकवाद की बदनाम गलियों को
तो कोई संत, महात्मा, योगी को प्रेयसी बनाएगा
कोई उसमें भी छल और पाप का पंच लगाएगा
अब हर कोई इतना सभागा नहीं होता
और हर कोई इतना अभागा नहीं होता
कोई कुछ एक प्रेयसियों के ही प्रेम रस में
जीवन का स्वाद पा लेता है
तो कोई पूरी प्रेयसियों की ही बारात लिए जाता है
कोई अभागा जल्दी गौना करा दुल्हनिया अपनी
ब्याह के ले जाता है...
ब्याह के ले जाता है....
(Written on 11th September'2024 while admitting in Hospital ICU)