शुक्रवार, 10 जुलाई 2026

बुझे तीर...

हम बुझे तीर हैं, मगर याद रहे—
ज़िंदगी के ज़हर में बुझे हैं।

मत खेल हमें खिलौना समझकर,
चुभ गए तो जान पर बन आएगी।

गुरुवार, 4 जून 2026

निगाह-ए-यार...

निगाह-ए-यार थी, ये ख़ुदा का नज़राना था,
वफ़ा की आमद थी, खुशियों का अफ़साना था।

तेरे मुस्तकिल मिज़ाज के हम क़ायल थे,
हमारा वक़्त भी ज़ालिम, ग़ज़ब शायराना था।

टुकड़े...

टुकड़ों में जिंदगी मिलती है 
टुकड़ों में लम्हे चुराते हैं..
टुकड़ों में बात होती है 
टुकड़ों में साथ बिताते हैं...

बुधवार, 3 जून 2026

ऑफिस...

राह-ए-ऑफिस थी, हमें चलना था
मंज़िल तो ना थी ये, पर पहुँचना था

ख़्वाब घर पर ही कहीं रख आए थे,
सिर्फ़ जिस्मों को दफ़्तर पहुँचना था।

गुरुवार, 19 मार्च 2026

चलोगे ना...

कहीँ दूर.. बहुत दूर...

पेड़ों की ठंडी छांव में,
पहाड़ों की ऊँची चोटियों पर,
उन हसीन वादियों में,
कल-कल करती नदी के किनारे,
पंछियों के मधुर कलरव में..

ऊपर नीला आसमाँ,
टिमटिमाते सितारों से सजा,
नीचे हरियाली और पानी..

वहीं कहीं दूर..
बहुत दूर....

जहाँ वक़्त भी ठहर-सा जाए, 
और ख़ामोशी भी गुनगुनाए..

चलोगे तो ना...

मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026

उम्मीद भरी उदासी...

आँखों में उम्मीद भरी उदासी 
ठहर गई है कहीं,
आओ इधर,
ज़रा इन्हें चलने का 
मौका तो दो.. 

बहुत देर से रुके हैं कुछ ख़्वाब
पलकों की चौखट पर,
एक बार मुस्कुरा दो,
इन्हें सँवरने का
मौक़ा तो दो।

बुधवार, 12 नवंबर 2025

स्वप्न सारे...

नींद फ़िर आती नहीं है 
स्वप्न सारे सो रहे हैं 
शब्द हँसते फ़िर रहे हैं
भाव सारे रो पड़े हैं 

मैं कहानी कह रहा हूँ 
रुक गया पर बह रहा हूँ 
है कहानी यूँ तो लम्बी 
पात्र सारे खो गए हैं 

आजकल आधी-अधूरी 
जाने क्यों लगती है पूरी 
बेकरारी में हमारी 
कर्म सारे हो गए हैं 

यूँ भटकता है रे मनवा
क्यूँ तड़पता है ये तनवा
ना किए हमने ये फ़िर भी 
जुर्म सारे हो गए हैं 

पाँव में बेड़ी पड़ी है 
राह ये टेढ़ी खड़ी है 
जिंदगानी के सफ़र क्यूँ 
लंबे सारे हो गए हैं 

नींद फ़िर आती नहीं है 
स्वप्न सारे सो रहे हैं