सोमवार, 1 अप्रैल 2024

सुबह सुबह...

सुबह हो चली है 
सूरज अंगड़ाई लेके बैठा हुआ 
पक्षियों की चहचहाहट से मुखातिब है 

तुम अब भी 
उसी बिस्तर के आगोश में पड़ी गुम हो 
जिसके किनारे पे पड़े हुए 
रात को कितने सपने, हमने साथ बुने थे 

खिड़की के झरोखों से छनकर आती 
चाँद की किरणों की हँसी सुनकर
तुम भी कैसे चहक पड़ी थीं 

रात की रानी की आती वो भीनी खुशबू
तुम भी कैसे महक पड़ी थीं 

खिड़की के पार हम तुम कैसे साथ 
दूर जगमगाते जुगनुओं को देख रहे थे 

वो भी हमारी जिंदगी की ही तरह 
कैसे पल पल जल औ बुझ रहे थे 
और टिमटिमाते सितारों की ही मानिंद 
मद्धम रोशनी बिखेर रहे थे 

उन महकती बहकती रोशनी की ही तरह 
तकिये पे बिखरी तुम्हारी रेशमी जुल्फों के 
साए में गुम होती वो शाम 
रात के आगोश में ज़ज्ब हो गई 

और अब
तुम्हारे चेहरे पर,
रात आए हुए सपनों की 
एक मीठी सी मुस्कान,
इन सोती आंखों के पीछे 
मुस्कुरा रही है,
शुरू होती किसी 
एक जिंदगी की तरह 

और मैं, आग पर केतली चढ़ा 
अदरक की आती भीनी खुशबू
महसूस करके खुश हूँ 

बस अभी कुछ ही देर में 
ये चाय का प्याला 
अपनी गरमाहट को 
तुम्हारी नरमाहट के साथ 
महसूस कर रहा होगा 

वो हथेली से मलते हुए 
उनींदी आंखों को खोलते हुए तुम 
एक तिरछी मुस्कान के साथ 
देखोगी मुझे 

उसी कशिश के साथ 
वही दिलकशी, वही ज़ज्बात
सुबह की ये प्यारी सी शुरुआत 

सोच रहा हूँ मैं बस यही 
मैं उठ चुका हूँ या 
मेरी नींद अभी बाकी है...

गुड मॉर्निंग डीयर जिंदगी...
ये जिंदगी अभी बाकी है...

मंगलवार, 21 नवंबर 2023

कला....

कला एक साधना है...
साधना के सुर ज़रा तुम साध लो।
सृजन एक अर्चना है...
अर्चना के गीत को आवाज़ दो।

बसे हैं प्राण जिनमें...
प्राण के उस रूप को आकार दो।
छुपे हैं भाव मन में...
भाव के अहसास को विस्तार दो।

गुरुवार, 16 नवंबर 2023

आ भी जाओ....

मैं बैठा था
तो तुम,
पहले ही 
गए क्यों रुक,
मुझे देखकर..

बैठा तो मैं था,
पर..
इन्तज़ार भी
तुम्हारा ही तो था...

शनिवार, 28 अक्टूबर 2023

चुप....

वो चुप रहते हैं
तो क्या लगता है वो बोलते नहीं
बोलते बहुत हैं
मगर आप उन्हें सुनते नहीं
बोलती हैं आँखें
बोलती है उनकी काया
छलकता है बहुत कुछ
पर आप कुछ समझते ही नहीं

बरसना....

वो 
उमड़ते घुमड़ते 
कौंधते फिरते हैं
पर..
बरसते नहीं

एक प्यासी धरती 
तो मिले ज़रा
फ़िर देखना तुम 
बरसना उनका..

आस....

फखत एक आस है
जो जीना मुझे सिखाती है
महज एक बात है
जो कहना अभी बाकी है

गीला....

गीला हुआ,
फ़िर सूख ना सका मैं कभी,
कुछ इस क़दर
तेरे प्यार ने भिगोया है मुझे