नींद फ़िर आती नहीं है
स्वप्न सारे सो रहे हैं
शब्द हँसते फ़िर रहे हैं
भाव सारे रो पड़े हैं
मैं कहानी कह रहा हूँ
रुक गया पर बह रहा हूँ
है कहानी यूँ तो लम्बी
पात्र सारे खो गए हैं
आजकल आधी-अधूरी
जाने क्यों लगती है पूरी
बेकरारी में हमारी
कर्म सारे हो गए हैं
यूँ भटकता है रे मनवा
क्यूँ तड़पता है ये तनवा
ना किए हमने ये फ़िर भी
जुर्म सारे हो गए हैं
पाँव में बेड़ी पड़ी है
राह ये टेढ़ी खड़ी है
जिंदगानी के सफ़र क्यूँ
लंबे सारे हो गए हैं
नींद फ़िर आती नहीं है
स्वप्न सारे सो रहे हैं
