गुनगुनी धूप जैसे
गीत कोई गुनगुना रही है
मद्धम हवा जैसे
मध्यम सुर कोई लगा रही है
दूर फलक पे एक बादल कैसे
तस्वीर कोई बना रहा है
एक पर्वत सामने मेरे
हरा भरा मुस्कुरा रहा है
इक भंवरा फूल पे कैसे
खुश होके मंडरा रहा है
एक पंछी डाल पे बैठा
मीठा गीत कोई सुना रहा है
और मैं,
इन पहाड़ों की
हसीन वादियों में बैठा हुआ
प्रकृति को इतना समीप
महसूस कर खुश हो रहा हूँ
तन और मन को ये कैसे
तरोताजा कर देता है
तन के हर तार को झंकृत
और मन को प्रफुल्लित कर देता है
दिल में आशाओं का कैसे
संचार प्रवाहित होता है
रग रग में मेरे कैसे
एक जोश समाहित होता है
शहर की भीड़ भाड़, शोर शराबे
धूल प्रदूषण गर्मी गंदगी से दूर
एक पर्वत पे कल कल बहती
नदी की मधुर धुन को सुन
कैसा सुकून महसूस होता है
अपने खयालों में खोए हुए
मन जब अचानक जागकर
अपनी आँखों को खोलता है
और ज़रा नज़रें झुकाकर
अपने आसपास को टटोलता है
तो पता है, क्या पाता है?
जिस शहर को बनाया हमने
जिस शहर को बसाया हमने
जिस शहर को अपनाया हमने
फ़िर उसी शहर को
नारकीय भी बनाया हमने
और फ़िर
उस नरक से उकताकर
हम आते हैँ प्रकृति के करीब
इस स्वर्ग की ओर
जिससे बंधी हुई है
हमारे जीवन की ये डोर
लेकिन यहाँ से जीवन लेके
यहाँ हम जाते हैं क्या छोड़?
शहर की जिस गंदगी से आजिज़ आकर
हम आते हैँ यहाँ
उसी गंदगी का एक हिस्सा हम
छोड़ जाते हैं यहाँ
इतना सुन्दर रमणीय वातावरण
इतना मनमोहक परिवेश
जाता है बिगड़, जब छोड़ जाते हैं हम यहाँ
शहरों के अवशेष
बढ़ती गाड़ियों का कोलाहल
और धुआँ
प्लास्टिक के लिफ़ाफ़े और बोतलें
यहाँ वहाँ
यदि हम ऐसे ही यहाँ भी
प्रकृति को यूँ विकृत करते जायेंगे
तो आख़िर वापिस वो
सुकून की तलाश कहाँ कर पायेंगे?
आख़िर चाहिये फ़िर क्या होना?
आयें जब भी हम यहाँ
शहर को ना लायें बिल्कुल भी यहाँ
आयें यहाँ तो सब कुछ पीछे छोड़ के आयें
पायें जो भी यहाँ उसे पूरी तरह अपनायें
यहाँ की ये सादगी
और इतनी सुंदरता
उसमें आके ढल जायें
और उसमें घुलमिल जायें
ना ही चिंता हो कोई
और ना बंधन कोई
हर तरफ हरियाली और खुशहाली
हर दिन जैसे होली और दीवाली
छोटे छोटे इनके हर पल को
हम मिलके खुल के जीलें
जीवन के इनके हर रस को
हम मिलके जुल के पीलें
ना हो कोई कोलाहल
और ना ही हो कोई धुँआ
ना ही लेके आयें प्लास्टिक
ना फैलाएं गंदगी यहाँ वहाँ
और फ़िर
जैसे जब भी आते थे हम यहाँ
और जाते हुए
कुछ शहर छोड़ जाते थे हम यहाँ
उसकी जगह
जब हम जायें यहाँ से
तो थोड़ा पहाड़, थोड़ा जंगल
थोड़ी नदियाँ, थोड़े पंछी, उनके कलरव
अपने साथ लेते जायें
वापिस आके अपने शहर में
उन यादों को, उन बातों को
उन राहों को, उन जज़्बातों को
उन सब लम्हों को याद करते हुए
थोड़े जंगल के रूप में
कुछ पौधे और पेड़ लगायें
उन चिड़ियों के लिए झरोखे बनवाएँ
और कटोरो में दाना पानी रखवायें
बहती नदिया के लिए, वर्षा जल संचयन
और पानी की बर्बादी रुकवायें
अपनी जीवन शैली को हम जितना
प्रकृति के अनुरूप ढाल पायेंगे
उतना ही इस प्रकृति को हम
यहाँ भी अपने करीब पायेंगे
पर्वत वादियाँ नदिया जंगल
भी ये सब देख के मुस्कुराएंगे
और फिर हम भी सदा सर्वदा
आज़ाद पंछियों के मानिंद
खुशियों के तराने गुनगुनायेंगे
प्रकृति और उसके परिवेश में
हम वापिस ढल जायेंगे...

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें