गुरुवार, 26 सितंबर 2024

जादू...

बेतरतीब सी लकीरों को तरतीब में लगाना होगा 
जिंदगी में फ़िर जादू की तरकीब को जगाना होगा 

लफ़्ज़...

खींच देता हूँ मैं लकीरें कुछ टेढ़ी-तिरछी,
जिन्हें देखकर लोग शब्द कहा करते हैं।
जब भर देता हूँ उनसे पूरा इक पन्ना,
उन्हें अपने ख़यालों के लफ़्ज़ कहा करता हूँ।

रविवार, 1 सितंबर 2024

जाता हूँ...

अनजाने सपनों की सौगात लिए जाता हूँ 
अनमने कदमों की बारात लिए जाता हूँ
अरमानों की खुद सेज सजाए बैठा था 
अनकहे लम्हों को अपने साथ लिए जाता हूँ

शनिवार, 13 जुलाई 2024

समाज...

यदि किसी समाज में लोग 
अच्छी बातों में भी बुराई ढूँढने लगें 
और बुरी या बेकार बातों में रस लेने लगें, 
तो उस व्यक्ति, समाज या राष्ट्र का विकास रुक जाता है

शुक्रवार, 5 जुलाई 2024

चल...

चल एक बार ज़रा फ़िर से तो चल 
जल एक बार ज़रा फ़िर से तो जल 

चल फ़िर वहीँ, जहाँ से 
हम साथ चले थे कभी 
जल फ़िर वहीँ, जहाँ पे 
रोशनी बिखेरी थी कभी 

चल फ़िर से हम एक साथ चलेंगे 
रोशनी के लिए फ़िर एक साथ जलेंगे 

राह अंधेरी थी तो क्या 
हौसलों की तपिश से रोशन तो की थी 
सफ़र लंबा था तो क्या 
साथ चलके उसे छोटा भी तो किया था हमने 

कुछ ख्वाब कुछ ख़यालात 
कुछ अरमान थे पाले हमने 
वक़्त और हालात के हाथों ने 
जो हमसे जुदा थे कर डाले 

अब जो मिले हैं फिर से हम ऐ ग़म ए जिंदगी 
चलने जलने को फिर से हम हैं तैयार ए जिंदगी 

रविवार, 30 जून 2024

प्रकृति और परिवेश...

गुनगुनी धूप जैसे 
गीत कोई गुनगुना रही है 
मद्धम हवा जैसे 
मध्यम सुर कोई लगा रही है 

दूर फलक पे एक बादल कैसे 
तस्वीर कोई बना रहा है 
एक पर्वत सामने मेरे 
हरा भरा मुस्कुरा रहा है 

इक भंवरा फूल पे कैसे 
खुश होके मंडरा रहा है 
एक पंछी डाल पे बैठा 
मीठा गीत कोई सुना रहा है 

और मैं, 
इन पहाड़ों की 
हसीन वादियों में बैठा हुआ 
प्रकृति को इतना समीप 
महसूस कर खुश हो रहा हूँ 

तन और मन को ये कैसे 
तरोताजा कर देता है 
तन के हर तार को झंकृत 
और मन को प्रफुल्लित कर देता है 

दिल में आशाओं का कैसे 
संचार प्रवाहित होता है 
रग रग में मेरे कैसे 
एक जोश समाहित होता है 

शहर की भीड़ भाड़, शोर शराबे 
धूल प्रदूषण गर्मी गंदगी से दूर 
एक पर्वत पे कल कल बहती 
नदी की मधुर धुन को सुन 
कैसा सुकून महसूस होता है 

अपने खयालों में खोए हुए 
मन जब अचानक जागकर 
अपनी आँखों को खोलता है 
और ज़रा नज़रें झुकाकर 
अपने आसपास को टटोलता है 

तो पता है, क्या पाता है?

जिस शहर को बनाया हमने
जिस शहर को बसाया हमने 
जिस शहर को अपनाया हमने
फ़िर उसी शहर को 
नारकीय भी बनाया हमने 

और फ़िर 

उस नरक से उकताकर 
हम आते हैँ प्रकृति के करीब 
इस स्वर्ग की ओर 
जिससे बंधी हुई है 
हमारे जीवन की ये डोर 

लेकिन यहाँ से जीवन लेके 
यहाँ हम जाते हैं क्या छोड़?

शहर की जिस गंदगी से आजिज़ आकर 
हम आते हैँ यहाँ 
उसी गंदगी का एक हिस्सा हम 
छोड़ जाते हैं यहाँ 

इतना सुन्दर रमणीय वातावरण 
इतना मनमोहक परिवेश  
जाता है बिगड़, जब छोड़ जाते हैं हम यहाँ
शहरों के अवशेष 

बढ़ती गाड़ियों का कोलाहल 
और धुआँ 
प्लास्टिक के लिफ़ाफ़े और बोतलें 
यहाँ वहाँ 

यदि हम ऐसे ही यहाँ भी 
प्रकृति को यूँ विकृत करते जायेंगे 
तो आख़िर वापिस वो 
सुकून की तलाश कहाँ कर पायेंगे?

आख़िर चाहिये फ़िर क्या होना?

आयें जब भी हम यहाँ 
शहर को ना लायें बिल्कुल भी यहाँ 
आयें यहाँ तो सब कुछ पीछे छोड़ के आयें 
पायें जो भी यहाँ उसे पूरी तरह अपनायें 

यहाँ की ये सादगी 
और इतनी सुंदरता 
उसमें आके ढल जायें 
और उसमें घुलमिल जायें 

ना ही चिंता हो कोई 
और ना बंधन कोई 
हर तरफ हरियाली और खुशहाली 
हर दिन जैसे होली और दीवाली 

छोटे छोटे इनके हर पल को
हम मिलके खुल के जीलें 
जीवन के इनके हर रस को 
हम मिलके जुल के पीलें 

ना हो कोई कोलाहल 
और ना ही हो कोई धुँआ 
ना ही लेके आयें प्लास्टिक 
ना फैलाएं गंदगी यहाँ वहाँ 

और फ़िर 

जैसे जब भी आते थे हम यहाँ 
और जाते हुए 
कुछ शहर छोड़ जाते थे हम यहाँ 

उसकी जगह 
जब हम जायें यहाँ से 
तो थोड़ा पहाड़, थोड़ा जंगल 
थोड़ी नदियाँ, थोड़े पंछी, उनके कलरव
अपने साथ लेते जायें 

वापिस आके अपने शहर में 
उन यादों को, उन बातों को 
उन राहों को, उन जज़्बातों को 
उन सब लम्हों को याद करते हुए 
थोड़े जंगल के रूप में 
कुछ पौधे और पेड़ लगायें 
उन चिड़ियों के लिए झरोखे बनवाएँ 
और कटोरो में दाना पानी रखवायें 
बहती नदिया के लिए, वर्षा जल संचयन 
और पानी की बर्बादी रुकवायें 

अपनी जीवन शैली को हम जितना 
प्रकृति के अनुरूप ढाल पायेंगे 
उतना ही इस प्रकृति को हम 
यहाँ भी अपने करीब पायेंगे 
पर्वत वादियाँ नदिया जंगल 
भी ये सब देख के मुस्कुराएंगे

और फिर हम भी सदा सर्वदा 
आज़ाद पंछियों के मानिंद 
खुशियों के तराने गुनगुनायेंगे
प्रकृति और उसके परिवेश में 
हम वापिस ढल जायेंगे...

सोमवार, 1 अप्रैल 2024

सुबह सुबह...

सुबह हो चली है 
सूरज अंगड़ाई लेके बैठा हुआ 
पक्षियों की चहचहाहट से मुखातिब है 

तुम अब भी 
उसी बिस्तर के आगोश में पड़ी गुम हो 
जिसके किनारे पे पड़े हुए 
रात को कितने सपने, हमने साथ बुने थे 

खिड़की के झरोखों से छनकर आती 
चाँद की किरणों की हँसी सुनकर
तुम भी कैसे चहक पड़ी थीं 

रात की रानी की आती वो भीनी खुशबू
तुम भी कैसे महक पड़ी थीं 

खिड़की के पार हम तुम कैसे साथ 
दूर जगमगाते जुगनुओं को देख रहे थे 

वो भी हमारी जिंदगी की ही तरह 
कैसे पल पल जल औ बुझ रहे थे 
और टिमटिमाते सितारों की ही मानिंद 
मद्धम रोशनी बिखेर रहे थे 

उन महकती बहकती रोशनी की ही तरह 
तकिये पे बिखरी तुम्हारी रेशमी जुल्फों के 
साए में गुम होती वो शाम 
रात के आगोश में ज़ज्ब हो गई 

और अब
तुम्हारे चेहरे पर,
रात आए हुए सपनों की 
एक मीठी सी मुस्कान,
इन सोती आंखों के पीछे 
मुस्कुरा रही है,
शुरू होती किसी 
एक जिंदगी की तरह 

और मैं, आग पर केतली चढ़ा 
अदरक की आती भीनी खुशबू
महसूस करके खुश हूँ 

बस अभी कुछ ही देर में 
ये चाय का प्याला 
अपनी गरमाहट को 
तुम्हारी नरमाहट के साथ 
महसूस कर रहा होगा 

वो हथेली से मलते हुए 
उनींदी आंखों को खोलते हुए तुम 
एक तिरछी मुस्कान के साथ 
देखोगी मुझे 

उसी कशिश के साथ 
वही दिलकशी, वही ज़ज्बात
सुबह की ये प्यारी सी शुरुआत 

सोच रहा हूँ मैं बस यही 
मैं उठ चुका हूँ या 
मेरी नींद अभी बाकी है...

गुड मॉर्निंग डीयर जिंदगी...
ये जिंदगी अभी बाकी है...